
पूर्णिया
चिकित्सा पदाधिकारी पूर्णिया ने मंगलवार को रानीपत्रा एपीएचसी, पूर्णिया ईस्ट प्रखंड का प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष में उपलब्ध दवाओं की समीक्षा की गई, जिसमें कोई भी दवा एक्सपायर नहीं पाई गई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इस माह अब तक एपीएचसी में 36 सफल प्रसव हो चुके हैं, जबकि बीते माह 55 प्रसव दर्ज किए गए थे। एपीएचसी में कुल 169 प्रकार की दवाएँ उपलब्ध पाई गईं, जबकि 193 प्रकार की दवाएँ उपलब्ध होनी चाहिए। इस कमी को देखते हुए जिला अस्पताल से मंगलवार को आवश्यक दवाओं की आपूर्ति की गई है और शीघ्र ही पूरी आपूर्ति एपीएचसी में पूरी कर दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी में कुल 85 रोगियों का इलाज किया गया। सभी एएनएम (ANM) निरीक्षण के समय उपस्थित पाई गईं। जिला सलाहकार गुणवत्ता यकीन, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, और यूनिसेफ (UNICEF) के प्रतिनिधि भी निरीक्षण में मौजूद थे।
चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि निरंतर निरीक्षण और आवश्यक दवाओं की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। एपीएचसी में प्रसव कक्ष की स्थिति और दवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि माताओं और नवजात बच्चों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सके।

