
कसबा, (पूर्णिया)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता पर कांग्रेस नेताओं की अभद्र टिप्पणी के खिलाफ एनडीए द्वारा शुक्रवार को बुलाए गए बिहार बंद का असर कसबा और गढ़बनैली में पूरी तरह देखने को मिला। सुबह से ही एनडीए कार्यकर्ताओं का हुजूम सड़कों पर दिखाई दिया। नारेबाजी, जुलूस और रोड जाम के बीच कसबा एवं गढ़बनैली बाजार की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। छोटे और बड़े सभी प्रतिष्ठान ठप रहे, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
बंद का नेतृत्व एनडीए महिला मोर्चा अध्यक्ष सीता देवी और नगर भाजपा अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने किया। इस दौरान जदयू नेता रितेश यादव और बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बंद का व्यापक असर देखा गया। कसबा ग्रामीण मंडल भाजपा के नेता एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने बाजारों को बंद कराने और आंदोलन में जनता को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
नेताओं ने कड़ा रुख अपनाया। सीता देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री की माता का अपमान पूरे देश का अपमान है और कांग्रेस को माफी मांगनी होगी। नगर भाजपा अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने चेतावनी दी कि एनडीए का संघर्ष जारी रहेगा। जदयू नेता रितेश यादव ने इसे पूरा एनडीए का साझा आंदोलन बताया।
प्रशासन सतर्क रहा। कसबा थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार सरदार और अंचलाधिकारी रीता कुमारी ने बताया कि बंद शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। रोड जाम के कारण यातायात थोड़ी देर प्रभावित हुआ, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही।