
पूर्णिया
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पूर्णिया जिले में अब तक 3 लाख 85 हजार से अधिक परिवारों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹385 करोड़ की राशि का अंतरण किया गया। यह अंतरण कार्यक्रम सोमवार कि सुबह चुनावी घोषणा से पूर्व आयोजित और समाप्त की गयी! यह योजना महिलाओं को अपनी पसंद का रोजगार शुरू करने हेतु प्रारंभिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के तहत लाभुकों को ₹10,000 की प्रारंभिक राशि दी जा रही है, जबकि आगे आकलन के आधार पर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की गई है।
राज्यभर में इस योजना का लाभ सभी समुदायों और वर्गों की महिलाएं उठा सकती हैं। योजना में राज्य में पहले से सक्रिय 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1 करोड़ 40 लाख जीविका दीदियों की संगठनात्मक व्यवस्था का सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा, समूह से वंचित परिवारों को स्वयं सहायता समूह में जोड़ने का कार्य भी योजना के अंतर्गत किया जा रहा है।
पूर्णिया जिले में सोमवार कों महानंदा सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से इसका प्रत्यक्ष प्रसारण किया गया। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक ओम प्रकाश मंडल और 200 से अधिक जीविका दीदियाँ कार्यक्रम में उपस्थित थीं। जिला मुख्यालय सहित सभी 14 प्रखंड मुख्यालयों, 45 संकुल संघों और 2,500 से अधिक ग्राम संगठनों में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।योजना के पहले चरण में 2,13,156, दूसरे चरण में 1,02,420 और तीसरे चरण में 75,000 से अधिक परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। इस अवसर पर लाभान्वित महिलाओं ने अपने रोजगार के अनुभव साझा किए।

