मंत्री लेशी सिंह ने महिलाओं को दी प्रेरणा, कहा– “आपका प्यार ही मेरी असली ताकत”
माधोनगर-कुआड़ी भाया बरदेला पथ के चौड़ीकरण कार्य का किया शिलान्यास
केनगर (पूर्णिया):
बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने धमदाहा प्रखंड की किशनपुर बलुआ पंचायत अंतर्गत कुकरौन नं. 02 में ‘दीदी से दिल की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कहा कि आज महिलाएं सिर्फ घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज, प्रशासन, राजनीति, विज्ञान, खेल और व्यापार जैसे हर क्षेत्र में अपनी शशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं सृजनकर्त्ता ही नहीं, बल्कि समाज की दिशा तय करने वाली नेतृत्वकर्त्ता भी हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण को बताया विकास की धुरी
मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि महिलाओं में अपार संवेदनशीलता, समर्पण और नेतृत्व की क्षमता होती है। उन्होंने उपस्थित सैकड़ों महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि धमदाहा की दीदियाँ ही उनकी असली ताकत हैं और वे हर सुख-दुख में उनके साथ चट्टान की तरह खड़ी रहती हैं।
कार्यक्रम में मंच का संचालन सरिता देवी, लाखो देवी, सुनीता देवी, निभा देवी, गीता देवी, पिंकी देवी, चिंता देवी, लालमुनि देवी व रूबी देवी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं, जिन्होंने मंत्री को अपना भरपूर समर्थन और विश्वास जताया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिला सशक्तिकरण नीति को बताया क्रांतिकारी
मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सपना है कि राज्य की हर महिला शिक्षित, स्वावलंबी और सशक्त बने। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को न केवल योजनाओं से जोड़ा, बल्कि पंचायतों से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक उन्हें नेतृत्व के केंद्र में स्थापित किया है।
उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आगामी विधानसभा चुनाव में भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहने और एकजुट रहकर साजिशों को विफल करने की अपील की।
सड़क चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास
कार्यक्रम के बाद मंत्री श्रीमती सिंह ने माधोनगर से कुआड़ी होते हुए बरदेला तक जाने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क के चौड़ीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह सड़क किशनपुर बलुआ, कुआड़ी, बरदेला एवं माली पंचायतों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस अवसर पर
उन्होंने कहा कि यह ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग रही है, जिसे अब साकार किया जा रहा है। धमदाहा विधानसभा के कोने-कोने तक विकास पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हर गाँव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए वह पूरी तरह संकल्पबद्ध हैं।
इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष शंभू जायसवाल, अमर मंडल, जितेन्द्र मुखिया, भाजपा नेता अरुण चौधरी, चंद्रकांत मुखिया, मो. सजाजुल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
“दीदियाँ मेरी सबसे बड़ी ताकत, समाज की रीढ़ बन चुकी हैं महिलाएं” – मंत्री लेशी सिंह
“मैं एक महिला हूं, इसलिए मुझे अपने क्षेत्र की जनता से गहराई से जुड़ने का अवसर मिला है। आप बहनों ने जो स्नेह और अपनापन दिया है, वह मेरी असली पूंजी है।” यह उद्गार राज्य सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।
मंत्री ने कहा, “मेरी राजनीतिक ताकत मेरी दीदियाँ हैं, जो हर सुख-दुःख में मेरी ढाल बनकर खड़ी रहती हैं। अब हम दीदियाँ किसी पर आश्रित नहीं, बल्कि समाज की रीढ़ बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जब एक महिला बदलती है, तो सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरा समाज बदलता है।”
मंत्री श्रीमती सिंह ने महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, “हम सभी महिलाएं एक चलती-फिरती पाठशाला हैं, जो प्रेम और करुणा से भरी होती हैं।” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री ने महिलाओं को योजनाओं से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में नेतृत्व तक पहुँचाया है, इसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं।”
अपने सम्बोधन के अंत में मंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महिलाओं से आह्वान करते हुए कहा, “आप दीदियाँ मेरी ताकत बनें और विरोधियों की साजिशों को नाकाम करें।”