
सहरसा :
जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपेश कुमार ने शुक्रवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 05, 06, 15, 18 और 38 का भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2025 की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और गणना प्रपत्रों की प्राप्ति एवं अपलोडिंग की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला और उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि 01 जुलाई 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर यह अभियान 26 जुलाई तक संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी घर-घर जाकर पहले से भरे दो प्रपत्र देंगे।
निर्वाचकों को एक प्रपत्र आवश्यक दस्तावेज की स्व-प्रमाणित प्रति के साथ जमा करना है। जन्म तिथि के अनुसार दस्तावेज की आवश्यकता तय की गई है। विशेष स्थिति में माता-पिता के पासपोर्ट व वीजा की प्रमाणित प्रति भी देनी होगी।
डीएम ने सभी कर्मियों को अभियान को गति देने का निर्देश दिया और सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है।
जानकारी के लिए 1950 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

