न्यूज स्केल भवानीपुरभवानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सोमवार को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक नया एम्बुलेंस उपलब्ध कराया गया है। यह एम्बुलेंस राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार की ओर से प्रदान किया गया है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को आपात स्थिति में बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।नए एम्बुलेंस में मरीजों की आपातकालीन देखभाल के लिए कुल 189 प्रकार की दवाइयां, तीन ऑक्सीजन सिलेंडर, एक सक्शन मशीन तथा अत्याधुनिक तीन स्ट्रेचर की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं के कारण गंभीर मरीजों को अस्पताल लाने-ले जाने के दौरान आवश्यक प्राथमिक उपचार भी दिया जा सकेगा।बताते चलें कि इससे पहले भवानीपुर सीएचसी में दो सामान्य एम्बुलेंस उपलब्ध थे। नए अत्याधुनिक एम्बुलेंस के जुड़ने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी तथा मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। एम्बुलेंस चालक निर्मल कुमार और ईएमटी राकेश कुमार रौशन ने बताया कि सोमवार को वे दोनों इस एम्बुलेंस को पटना से लेकर भवानीपुर पहुंचे हैं।स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि जीवन रक्षक उपकरणों से लैस इस नए एम्बुलेंस के उपलब्ध होने से क्षेत्र के मरीजों को आपात स्थिति में त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी ।

