पूर्णिया:
जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के दिशा-निर्देश पर सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु जिले में विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला स्वास्थ्य समिति की टीम ने अनुमंडलीय अस्पताल बनमनखी का औचक रात्रि निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की उपस्थिति, ओपीडी सेवाएं तथा अस्पताल में उपलब्ध जीवन रक्षक दवाओं की स्थिति की जांच की गई। टीम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के उपरांत संबंधित अधिकारियों को निम्न निर्देश दिए गए:
अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए।
सभी आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें तथा इन्हें उचित रूप से प्रदर्शित किया जाए।
ड्यूटी के समय चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का प्रत्यक्ष अनुभव कराना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार होता रहे।