इंदिरा गांधी स्टेडियम और समाहरणालय परिसर में हुआ भव्य आयोजन
पूर्णिया,
पूर्णिया में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित मुख्य समारोह का केंद्र इंदिरा गांधी स्टेडियम रहा, जहां हजारों लोगों की उपस्थिति में स्वतंत्रता दिवस का परंपरागत आयोजन किया गया।
मुख्य समारोह में प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर आयुक्त एवं आरक्षी महानिरीक्षक द्वारा प्लाटून की टुकड़ियों का निरीक्षण किया गया। परेड में शामिल जवानों ने अनुशासन और सटीक तालमेल से दर्शकों को प्रभावित किया। स्टेडियम में मौजूद नागरिक, जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से जवानों का उत्साहवर्धन किया।
आयुक्त राजेश कुमार ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन हमें अपने बलिदानी नायकों की याद दिलाता है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क एवं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी दी। साथ ही जिले के सर्वांगीण विकास में जनभागीदारी के महत्व पर जोर दिया। इस दौरान डीएम एसपी, सहित जिला प्रशासन के सभी वरीय अधिकारी, महापौर एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहें!
दूसरी ओर, पूर्णिया समाहरणालय परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस का आयोजन हुआ। यहां जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने तिरंगा फहराया। समाहरणालय में हुए कार्यक्रम में सभी वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे। झंडोतोलन के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति का माहौल और प्रगाढ़ कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को खास बनाने में जिले के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की विशेष भागीदारी रही। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति गीतों ने वातावरण को उल्लासमय कर दिया। स्टेडियम में आए लोगों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में समारोह शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से सम्पन्न हुआ।