जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से प्राप्त की समस्याओं की जानकारी
पूर्णिया:
जिले में संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील प्रखंडों के पंचायतों में जाकर स्थलीय निरीक्षण और स्थानीय समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया गया है।इसी निर्देश के आलोक में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने 31 जुलाई को अमौर प्रखंड अंतर्गत नितेंद्रर, रंगरैया लाल टोली, मच्छटा, आमगाछी और बकैनिया बरैली पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सहकारिता पदाधिकारी ने संबंधित पंचायतों में आम लोगों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने निचले इलाकों में जलजमाव, टूटे हुए संपर्क पथ, राहत सामग्री के अभाव, तथा सुरक्षात्मक उपायों की कमी जैसी समस्याएं रखीं।
पदाधिकारी ने समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया और कहा कि प्रशासन बाढ़ से पहले सभी आवश्यक तैयारियों को पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तत्काल संपर्क करें।