प्रधानमंत्री मोदी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल

गांधी मैदान 17 से 19 नवंबर तक आम जनता के लिए बंद
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार, 20 नवंबर को लगातार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में आयोजित होगा, जिसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। समारोह की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता गांधी मैदान पहुँचे। बिहार सरकार के शीर्ष अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
गांधी मैदान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, सफाई व सजावट जारी
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में पटना जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी की है।
गांधी मैदान में मंच निर्माण, वीआईपी एंट्री, बैठने की व्यवस्था, मार्ग निर्धारण और पंडाल सज्जा का काम लगातार जारी है। साथ ही पूरे मैदान की साफ–सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेज़ी से हो रहा है।
17 से 19 नवंबर तक गांधी मैदान आम लोगों के लिए बंद
जिले के डीएम ने आदेश जारी करते हुए बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गांधी मैदान को 17 नवंबर से 19 नवंबर तक आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इन तीन दिनों में मैदान में किसी भी प्रकार के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि 20 नवंबर को शपथ ग्रहण के दौरान प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआईपी अतिथियों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम बढ़ाए गए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन की कई टीमें स्थल पर तैनात की जा रही हैं, जबकि आसपास के मार्गों पर भी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा।
नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज
विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। शपथ ग्रहण में ही कई निर्वाचित विधायकों के मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। इसको लेकर पार्टी और प्रशासन दोनों स्तरों पर तैयारियां जारी हैं।

