डिजिटल क्रॉप सर्वे में पूर्णिया ने हासिल की 100% लक्ष्य पूर्ति

पूर्णिया
समाहरणालय परिसर स्थित महानंदा सभागार में मंगलवार को जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, फसल अच्छादन, उर्वरक उपलब्धता एवं प्रखंडवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
फसल अच्छादन की प्रगति प्रस्तुत
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी श्री हरि प्रसाद चौरसिया ने बताया कि जिले में फसल अच्छादन का लक्ष्य 1,43,827.87 हेक्टेयर निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 18,223.44 हेक्टेयर का डाटा बिहान एप के माध्यम से भरा जा रहा है। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में पूर्णिया जिला ने 100% लक्ष्य हासिल कर लिया है, जो जिले की एक बड़ी उपलब्धि है।
धान कटनी 80% पूर्ण, रबी बुआई में तेजी
जिला कृषि पदाधिकारी ने अवगत कराया कि पूर्णिया जिले में लगभग 80% धान फसल की कटनी पूरी हो चुकी है। रबी फसलों की बुआई तेजी से चल रही है। सभी प्रखंडों में बीज वितरण का कार्य भी प्रगति पर है और अगले एक सप्ताह में 100% लक्ष्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
उर्वरक उपलब्धता पर्याप्त—कोई संकट नहीं
बैठक में जिले में आवश्यक उर्वरकों की उपलब्धता संबंधी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
वर्तमान में जिले में उपलब्ध उर्वरक निम्न प्रकार है—
यूरिया: 17,774.060 MT
डीएपी: 6,683.450 MT
एनपीके: 5,343.950 MT
एमओपी: 4,452.400 MT
एसएसपी: 733.100 MT
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि उर्वरक अप्राप्ति की कोई स्थिति नहीं है और लगातार रैक प्राप्त हो रहे हैं।
डीएम का निर्देश—उर्वरक दुकानों का रैंडम निरीक्षण करें
बैठक में जिला पदाधिकारी ने तीन प्रखंडों में सुपरवाइजर स्तर पर लंबित प्लॉट सत्यापन को 2–3 दिनों में हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंडों में 5-5 खुदरा उर्वरक दुकानों का रैंडम निरीक्षण करने, संयुक्त जांच दल गठित करने तथा अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में कृषि विभाग के पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय प्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

