
धमदाहा
गुरूवार को धमदाहा के नेहरू चौक, उत्तर दमगड़ा, मोग्लिया, पुरन्दाहा, पश्चिम मीरगंज और कुँआडी में दशहरा का पर्व उत्साहपूर्ण एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर लोगों ने पूजा-पाठ कर देवी-देवताओं का आराधना किया।
धमदाहा अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया और कई स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धमदाहा मुख्यालय नेहरू चौक एवं मीरगंज रूपसपुर खगहा में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में बिहार सरकार के खाद्य आपूर्ति एवं संरक्षण विभाग के मंत्री लेसी सिंह मुख्य अतिथि रहे। दशहरा पूजा समिति ने रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशाल पुतले तैयार किए, जिन्हें मंत्री लेसी सिंह के हाथों आग लगाकर जलाया गया। धमदाहा नेहरू चौक दशहरा पूजा कमिटी के अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
मंत्री लेसी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन का मूल उद्देश्य सत्य और धर्म का पालन करना है। संसारिक जीवन में अपनी ताकत और बुद्धि पर अहंकार नहीं करना चाहिए। सत्ता और शासन स्थाई नहीं होते, इसलिए जीवन के हर क्षण में सत्य और धर्म का मार्ग अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्य और धर्म से ही जीवन में खुशी और संतुष्टि प्राप्त होती है।
कार्यक्रम के दौरान धमदाहा नगर पंचायत अध्यक्ष रानी देवी, एसडीएम अनुपम कुमार, एसडीपीओ संदीप गोल्डी, अंचला अधिकारी कुमार रविंद्र नाथ, बीडीओ प्रकाश कुमार, थानाध्यक्ष सह सर्किल इंस्पेक्टर सरोज कुमार और सुरक्षा दल मौजूद थे। इसके अलावा पार्षद विनय सिंह, नंदन पंडित, मनीष महतो, भाजपा नेता सुनील सिंह, शंभू शर्मा एवं मेला कमिटी के सदस्य भी उपस्थित रहे।

