
पूर्णिया
मरंगा थाना क्षेत्र के जोगी चक-सोसा मुगल टोली गांव की सीमा पर लगे विवादित बैनर “आई लव मोहम्मद” को लेकर दो समुदायों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई। हालांकि फ़ौरन प्रशासन ने शख्त कदम उठाया और त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर काबू पाया गया।
मौके पर प्रशासन और पुलिस तैनात
घटना की सूचना पर सदर डीएसपी ज्योति शंकर, अंचलाधिकारी के.नगर दिवाकर कुमार सहित चार थानों की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। मरंगा थानाध्यक्ष रूपक रंजन सिंह, अपर थानाध्यक्ष विष्णुकांत, के नगर थानाध्यक्ष मुन्ना पटेल, कामाख्या ओपी प्रभारी राहुल कुमार, और टाउन थाना पुलिस बल भी तैनात किया गया।
स्थानीय प्रतिनिधियों की भागीदारी
घटना स्थल पर स्थानीय प्रतिनिधियों ने प्रशासन का सहयोग किया। इसमें गोआसी मुखिया एवं सांसद प्रतिनिधि अफरोज आलम, पूर्व प्रखंड प्रमुख मंजूर बैग, राजद प्रखंड अध्यक्ष आफताब आलम, उप मुखिया निरंजन मंडल, जदयू प्रखंड अध्यक्ष उदय शुक्ला, वरुण साह, बन भाग चूनापुर मुखिया अशफाक आलम, तथा राजस्व कर्मचारी रूपक कुमार शामिल रहे।
सीसीटीवी से हुई संदिग्धों की पहचान
पुलिस ने दोनों समुदायों के बैनर लगाने और नोचने में शामिल तीन लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की। प्रशासन ने दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों को सोसा ठाकुरबारी परिसर में बुलाकर घटना की पूछताछ की और लिखित रूप से बॉन्ड तैयार कराया।

