महापौर ने घर-घर जाकर सुधार अभियान में सहयोग की अपील की
पूर्णिया
पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र में 16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलाए जा रहे राजस्व महाभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को नगर निगम सभागार में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर विभा कुमारी ने की। बैठक के दौरान महापौर विभा कुमारी ने सभी वार्ड पार्षदों, बीडीओ, राजस्व अधिकारियों और कर संग्रहकर्ताओं से मिलकर अभियान को सफल बनाने की अपील की। महापौर ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रैयतों को जमीन के दस्तावेज सुधारने के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता से मुक्ति देना है।
महापौर ने बताया कि राजस्व विभाग घर-घर जाकर लोगों तक उनके जमीन के कागजात पहुंचाएगा और इसमें नगर निगम के कर्मियों तथा पार्षदों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी को मिलकर इस महाभियान की सफलता सुनिश्चित करनी होगी ताकि नगर निगम क्षेत्र में सही और अद्यतन भूमि दस्तावेज सभी तक पहुँच सकें।
: प्रपत्र में सुधार और दस्तावेज वितरण की तैयारी
बैठक में यह भी बताया गया कि अंचल कार्यालय द्वारा दिए गए प्रपत्र में जमीन से संबंधित अधिकतर जानकारी पहले से दर्ज होगी। इसमें जमाबंदी संख्या, पृष्ठ संख्या, भाग, मौजा, खाता संख्या, खेसरा संख्या, रकबा, चौहदी और अंतिम लगान वर्ष शामिल हैं। भूमि मालिक को किसी भी त्रुटि या अशुद्धि के लिए प्रपत्र में सुधार करना होगा।
साथ ही, आवश्यक प्रमाण जैसे लगान रसीद, शुद्धि पत्र, केबाला या खतियान की प्रति, मापी प्रतिवेदन या मोबाइल नंबर जोड़ने होंगे। जरूरत पड़ने पर नाम, पिता का नाम, खाता-खेसरा, रकबा और लगान संबंधी त्रुटियों को भी सुधारा जाएगा।
पार्षदों और राजस्व कर्मियों की सक्रिय भागीदारी
महाभियान के दौरान राजस्व कर्मी घर-घर जाकर जमाबंदी सुधार, उत्तराधिकारी नामांतरण, बंटवारा नामांतरण और संबंधित आवेदन पत्र वितरित करेंगे। इसके लिए नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों और कर संग्रहकर्ताओं को अपने-अपने वार्डों में सक्रिय सहयोग करना होगा।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी शैलेश कुमार केशरी, राजस्व अधिकारी, महापौर प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, वार्ड पार्षद और नगर निगम के कर संग्रहकर्ता सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि सभी की सक्रिय भागीदारी से ही यह महाभियान सफल हो पाएगा और नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को उनकी भूमि संबंधी समस्याओं से मुक्ति मिल सकेगी।